Breaking News

Covid-19 Bulletin: देश में कोरोना के दक्षिण अफ्रीकी स्ट्रेन के 4 और ब्राजीली स्ट्रेन का एक मामले मिले, यहां से आने वाले यात्रियों के प्रतिबंध पर मंथन

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश में कोविड-19 के दक्षिण अफ्रीकी और ब्राजीली म्यूटेंट वेरिएंट की एंट्री हो गई है। इसके मद्देनजर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय और भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान मंत्रालय ने कहा कि वह नागरिक उड्डयन मंत्रालय से इस विषय पर चर्चा कर रहा है कि क्या इन दोनों देशों से आने वाले हवाई यात्रियों की संख्या नियंत्रित करने की रणनीति को ठीक वैसे ही लागू किया जा सकता है जैसे कि ब्रिटेन के वैरिएंट का पता लगने के बाद किया गया था।

मंत्रालय ने बताया कि देश में दक्षिण अफ्रीका में सामने आए कोरोना वायरस स्ट्रेन के चार मामले सामने आए हैं। इसके अलावा यूके स्ट्रेन के देश में 187 मामले हैं। इन दोनों स्ट्रेन को मूल वायरस के मुकाबले कहीं अधिक संक्रामक बताया जा रहा है। साथ ही कोरोना के ब्राजील स्ट्रेन का भी एक मामला देश में मिला है। 

ब्राजील और दक्षिण अफ्रीकी देशों से लौटे लोगों पर रखी जा रही नजर
स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने कहा कि ब्रिटेन के विपरीत, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका से विमान सीधे भारत नहीं आते हैं। ये यात्री भारत पहुंचने के लिए ज्यादातर खाड़ी देशों से ट्रांजिट रूट लेते हैं। इसलिए हमें यह देखना होगा कि क्या हवाई यातायात को प्रतिबंधित करने की आवश्यकता है। हम उड्डयन मंत्रालय के साथ इस पर चर्चा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ब्राजील और दक्षिण अफ्रीकी देशों से लौटे लोगों पर नजर रखने के लिए टेस्टिंग, ट्रैकिंग, ट्रीटमेंट और जीनोम अनुक्रमण के उपायों का अनुसरण किए जाने की संभावना है, क्योंकि इन यात्रियों में संभवत: वहां पाए जाने वाले म्येटेंट्स मिल सकते हैं।

देश में 87.40 लाख लोगों को लगा कोरोना का टीका
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने देश में टीकाकरण की स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि अभी तक देश में वैक्सीन की 87 लाख 40 हजार 595 खुराकें दी जा चुकी हैं। 85 लाख 69 हजार 917 लोगों को पहली खुराक दी गई जबकि एक लाख 70 हजार 678 लोगों को दूसरी खुराक दी गई। उन्होंने बताया कि भारत कोरोना से जंग में सफलतापूर्व आगे बढ़ने के साथ दुनिया की मदद भी कर रहा है। भारत से अभी तक 24 देशों को कोरोना वायरस वैक्सीन की खुराक पहुंचाई जा चुकी हैं।

देश में कोरोना के एक्टिव केस 1.40 लाख से भी कम
राजेश भूषण ने बताया कि देश में कोरोना वायरस संक्रमण के सक्रिय मामलों की संख्या अब 1.40 लाख से भी कम बची है। संचयी सकारात्मकता दर 5.27 फीसदी है। भूषण ने बताया कि देश के कुल सक्रिय मामलों के 72 फीसदी मामले दो राज्यों से हैं। इनमें केरल और महाराष्ट्र शामिल हैं। केरल में कोरोना संक्रमण के 61,550 सक्रिय मामले हैं, वहीं महाराष्ट्र में इनकी संख्या 37,383 है। भूषण ने बताया कि देश में पिछले सात दिनों में प्रति 10 लाख की आबादी पर 56 नए मामले सामने आए हैं।

14 राज्यों में 70% से ज्यादा स्वास्थ्यकर्मियों को वैक्सीन लगी
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि राजस्थान, सिक्किम, झारखंड, मिजोरम, केरल, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, हिमाचल प्रदेश, त्रिपुरा, बिहार, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, उत्तराखंड और लक्षद्वीप में 70 फीसदी से अधिक स्वास्थ्यकर्मियों को कोरोना वैक्सीन की खुराक लगा चुके हैं। इसके अलावा लद्दाख, झारखंड, असम, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, त्रिपुरा, गुजरात और गोवा ने 60 फीसदी पात्र स्वास्थ्यकर्मियों को वैक्सीन की दूसरी खुराक दी है।



.Download Dainik Bhaskar Hindi App for Latest Hindi News.
.
...
4 cases of Corona's South African strain and one case of Brazilian strain found in the country
.
.
.


from दैनिक भास्कर हिंदी https://ift.tt/2Zp6RZ3

No comments