Independence Day 2020 Live: लाल किले की प्रचीर से बोले पीएम मोदी- 130 करोड़ हिन्दुस्तानियों ने आत्मनिर्भर बनने का संकल्प लिया
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कोरोना वायरस के संकट के बीच भारत आज अपना 74वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आज लगातार सातवीं बार तिरंगा फहराया। वह अभी इस प्रतिष्ठित स्मारक की प्राचीर से राष्ट्र के नाम संबोधन दे रहे हैं। स्वतंत्रता दिवस को लेकर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कोरोना को लेकर भी कई सावधानियां भी बरती जा गई हैं। प्रधानमंत्री का भाषण समाप्त होने के बाद, राष्ट्रीय कैडेट कोर के कैडेट राष्ट्रगान गाएंगे। सभी उपस्थित लोगों से अनुरोध किया जाएगा कि वे अपनी जगह पर खड़े हो जाएं और राष्ट्रगान के गायन में शामिल हों।
पीएम मोदी ने अपने संबोधन की शुरूआत में कहा, मेरे प्यारे देशवासियों, इस पावन पर्व पर, आप सभी को बधाई और बहुत-बहुत शुभकामनाएं। कोरोना के इस असाधारण समय में, सेवा परमो धर्म: की भावना के साथ, अपने जीवन की परवाह किए बिना हमारे डॉक्टर्स, नर्से, पैरामेडिकल स्टाफ, एंबुलेंस कर्मी, सफाई कर्मचारी, पुलिसकर्मी, सेवाकर्मी, अनेको लोग, चौबीसों घंटे लगातार काम कर रहे हैं।
अगले वर्ष हम अपनी आजादी के 75वें वर्ष में प्रवेश कर जाएंगे।
पीएम मोदी ने कहा, एक बहुत बड़ा पर्व हमारे सामने है। गुलामी का कोई कालखंड ऐसा नहीं था जब हिंदुस्तान में किसी कोने में आजादी के लिए प्रयास नहीं हुआ हो, प्राण-अर्पण नहीं हुआ हो। विस्तारवाद की सोच ने सिर्फ कुछ देशों को गुलाम बनाकर ही नहीं छोड़ा, बात वही पर खत्म नहीं हुई।भीषण युद्धों और भयानकता के बीच भी भारत ने आजादी की जंग में कमी और नमी नहीं आने दी।
पीएम मोदी ने आत्मनिर्भर भारत को लेकर कहा, आखिर कब तक हमारे ही देश से गया कच्चा माल, finished product बनकर भारत में लौटता रहेगा। एक समय था, जब हमारी कृषि व्यवस्था बहुत पिछड़ी हुई थी। तब सबसे बड़ी चिंता थी कि देशवासियों का पेट कैसे भरे।
आज जब हम सिर्फ भारत ही नहीं, दुनिया के कई देशों का पेट भर सकते हैं। आत्मनिर्भर भारत का मतलब सिर्फ आयात कम करना ही नहीं, हमारी क्षमता, हमारी Creativity हमारी skills को बढ़ाना भी है। सिर्फ कुछ महीना पहले तक N-95 मास्क, PPE किट, वेंटिलेटर ये सब हम विदेशों से मंगाते थे।आज इन सभी में भारत, न सिर्फ अपनी जरूरतें खुद पूरी कर रहा है, बल्कि दूसरे देशों की मदद के लिए भी आगे आया है।
पीएम मोदी ने कहा, कौन सोच सकता था कि कभी देश में गरीबों के जनधन खातों में हजारों-लाखों करोड़ रुपए सीधे ट्रांसफर हो पाएंगे?
कौन सोच सकता था कि किसानों की भलाई के लिए APMC एक्ट में इतने बड़े बदलाव हो जाएंगे। वन नेशन- वन टैक्स Insolvency और Bankruptcy Code बैंकों का Merger, आज देश की सच्चाई है।
पीएम मोदी ने कहा, इस शक्ति को, इन रिफॉर्म्स और उससे निकले परिणामों को देख रही है।बीते वर्ष, भारत में FDI ने अब तक के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।भारत में FDI में 18 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।ये विश्वास ऐसे ही नहीं आता है। आज दुनिया की बहुत बड़ी-बड़ी कंपनियां भारत का रुख कर रही हैं।हमें Make in India के साथ-साथ Make for World के मंत्र के साथ आगे बढ़ना है। भारत को आधुनिकता की तरफ, तेज गति से ले जाने के लिए, देश के Overall Infrastructure Development को एक नई दिशा देने की जरूरत है।ये जरूरत पूरी होगी National Infrastructure Pipeline Project से। इस पर देश 100 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।अलग-अलग सेक्टर्स के लगभग 7 हजार प्रोजेक्ट्स को identify भी किया जा चुका है।ये एक तरह से इंफ्रास्ट्रक्चर में एक नई क्रांति की तरह होगा। अब Infrastructure में Silos को खत्म करने का युग आ गया है।इसके लिए पूरे देश को Multi-Modal Connectivity Infrastructure से जोड़ने की एक बहुत बड़ी योजना तैयार की गई है।
पीएम मोदी ने कहा, मेरे प्यारे देशवासियों, हमारे यहां कहा गया है- सामर्थ्य्मूलं स्वातन्त्र्यं, श्रममूलं च वैभवम्।। किसी समाज, किसी भी राष्ट्र की आज़ादी का स्रोत उसका सामर्थ्य होता है, और उसके वैभव का, उन्नति प्रगति का स्रोत उसकी श्रम शक्ति होती है। हमारे देश का सामान्य नागरिक, चाहे शहर में रह रहा हो या गांव में, उसकी मेहनत, उसके परिश्रम का कोई मुकाबला नहीं है।
पीएम मोदी ने कहा, 7 करोड़ गरीब परिवारों को मुफ्त गैस सिलेंडर दिए गए, राशनकार्ड हो या न हो, 80 करोड़ से ज्यादा लोगों को मुफ्त अन्न की व्यवस्था की गई, बैंक खातों में करीब-करीब 90 हजार करोड़ रुपए सीधे ट्रांसफर किए गए। कुछ वर्ष पहले तक ये सब कल्पना भी नहीं की जा सकती थी कि इतना सारा काम, बिना किसी लीकेज के हो जाएगा, गरीब के हाथ में सीधे पैसा पहुंच जाएगा।अपने इन साथियों को अपने गाँव में ही रोजगार देने के लिए गरीब कल्याण रोजगार अभियान भी शुरू किया गया है।
पीएम मोदी ने कहा, वोकल फॉर लोकल, Re-Skill और Up-Skill का अभियान, गरीबी की रेखा के नीचे रहने वालों के जीवनस्तर में आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था का संचार करेगा। विकास के मामले में देश के कई क्षेत्र भी पीछे रह गए हैं। ऐसे 110 से ज्यादा आकांक्षी जिलों को चुनकर, वहां पर विशेष प्रयास किए जा रहे हैं ताकि वहां के लोगों को बेहतर शिक्षा मिले, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें, रोजगार के बेहतर अवसर मिलें।
चप्पे-चप्पे पर नजर रखने के लिए लगे 300 से ज्यादा कैमरे
वहीं स्वतंत्रता दिवस को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली के लाल किले को अभेद्य किले में तब्दील कर दिया गया है। कोरोना संकट के कारण इस बार समारोह में कई बदलाव किए गए हैं। साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग का पालन भी किया जाएगा। वहीं लाल किले के आसपास हजारों सुरक्षाकर्मी भी तैनात किए गए हैं। लाल किले के आसपास एक सिक्योरिटी रिंग बनाई गई है। इसमें एनएसजी के स्नाइपर, एलीट स्वात कमांडो और काइट कैचर्स की टीम शामिल हैं। साथ ही 300 से ज्यादा कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा करीब 4 हजार सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। लाल किले के पास पुरानी दिल्ली और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।
प्रधानमंत्री का आज का कार्यक्रम
74वां स्वतंत्रता दिवस के जश्न के मौके पर आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह 7.05 बजे राजघाट पहुंचेंगे। इसके बाद 7.18 बजे पीएम मोदी लाल किला पहुंचेंगे। लाल किले के लाहौर गेट पर आगमन के बाद रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और रक्षा सचिव डॉ. अजय कुमार पीएम नरेंद्र मोदी का स्वागत करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7.28 बजे ध्वजारोहण करेंगे और 7.30 बजे पीएम मोदी लाल किले से देश को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया जाएगा। प्रधानमंत्री के लिए गार्ड ऑफ ऑनर की टुकड़ी में सेना, नौसेना, वायु सेना और दिल्ली पुलिस के एक-एक अधिकारी और 24 जवान शामिल होंगे। इस साल गार्ड ऑफ ऑनर की कमान लेफ्टिनेंट कर्नल गौरव एस येवलकर के पास होगी।
.Download Dainik Bhaskar Hindi App for Latest Hindi News.
from दैनिक भास्कर हिंदी https://ift.tt/3gZKvEC
.
No comments