Breaking News

मप्र: पूर्व सीएम कमलनाथ पर 2019 लोकसभा चुनाव में पैसे के गलत इस्तेमाल का आरोप, चुनाव आयोग ने FIR के आदेश दिए

डिजिटल डेस्क, भोपाल। चुनाव आयोग (EC) ने मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के खिलाफ FIR दर्ज करने का आदेश दिया है। आयोग ने कमलनाथ पर 2019 के लोकसभा चुनाव में पैसे के गलत इस्तेमाल का आरोप लगाया है। कमलनाथ इससे पहले मध्य प्रदेश में हुए विधानसभा उपचुनाव के दौरान भी चुनाव आयोग के निशाने पर थे। आयोग ने कार्रवाई करते हुए उनका नाम स्टार प्रचारकों से हटा दिया था। आदर्श आचार संहिता के बार-बार उल्लंघन पर चुनाव आयोग ने कार्रवाई की थी। 

कमलनाथ उपचुनाव के दौरान बीजेपी नेता इमरती देवी पर विवादित बयान देकर सुर्खियों में आए थे। चुनाव आयोग ने कमलनाथ से जवाब मांगा था। कमलनाथ ने कहा था कि उनके बयान का गलत मतलब निकाला गया। चुनाव आयोग ने कमलनाथ को नसीहत भी दी थी।

कमलनाथ ने नहीं लड़ा था 2019 लोकसभा का चुनाव
कमलनाथ ने पिछले साल हुए लोकसभा का चुनाव नहीं लड़ा था। तब वे मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री थे। उनकी जगह उनके बेटे नकुलनाथ ने छिंदवाड़ा से किस्मत आजमाई थी। नकुलनाथ ने इस सीट पर 37,536 वोटों के अंतर से जीत हासिल की थी। कमलनाथ छिंदवाड़ा सीट से आठ बार सांसद रहे हैं और एक बार उनकी पत्नी इस सीट से चुनाव जीती हैं। 

इसी साल (2020) कमलनाथ के हाथ से सीएम की कुर्सी भी चली गई। सिंधिया समर्थक 22 विधायकों के इस्तीफे के कारण कमलनाथ सरकार अल्पमत में आ गई थी। 20 मार्च को कमलनाथ ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद 23 मार्च को शिवराज सिंह चौहान ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। 
 



.Download Dainik Bhaskar Hindi App for Latest Hindi News.
.
...
Kamal Nath accused of misuse of money in 2019 Lok Sabha election
.
.
.


from दैनिक भास्कर हिंदी https://ift.tt/2K2rB4U

No comments