Breaking News

बाबा राम सिंह की मौत पर बोले राहुल गांधी- मोदी सरकार की क्रूरता हर हद पार कर चुकी है

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान करनाल के संत बाबा रामसिंह की मौत पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने दुख जताया। राहुल गांधी ने बाबा राम सिंह को श्रद्धांजलि देने के साथ मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कई किसान अपने जीवन की आहुति दे चुके हैं। मोदी सरकार क्रूरता की हर हद पार कर चुकी है।

राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि करनाल के संत बाबा राम सिंह जी ने कुंडली बॉर्डर पर किसानों की दुर्दशा देखकर आत्महत्या कर ली। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएँ और श्रद्धांजलि। कई किसान अपने जीवन की आहुति दे चुके हैं। मोदी सरकार की क्रूरता हर हद पार कर चुकी है। ज़िद छोड़ो और तुरंत कृषि विरोधी क़ानून वापस लो!

पंजाब के मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर कहा कि इस दुख की घड़ी में हमारी संवेदनाएं संत बाबा राम सिंह के परिवार के साथ है।

वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सरकार को किसानों की आवाज सुननी चाहिए। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि संत बाबा राम सिंह जी की आत्महत्या की ख़बर बेहद पीड़ादाई है। इस दुख की घड़ी में उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं। हमारा किसान अपना हक ही तो मांग रहा है, सरकार को किसानों की आवाज सुननी चाहिए और तीनों काले कानून वापस लेने चाहिए।

नहीं देखा गया किसानों का दुख
बता दें कि दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर (सिंघु बार्डर) पर किसानों के धरने में शामिल संत बाबा राम सिंह ने बुधवार को खुद को गोली मार ली। जिससे उनकी मौत हो गई। बाबा रामसिंह करनाल के रहने वाले थे। उनका एक सुसाइड नोट भी सामने आया। सुसाइड नोट के मुताबिक संत बाबा राम सिंह ने किसानों पर सरकार के जुल्म के खिलाफ आत्महत्या की। संत बाबा रामसिंह ने सुसाइड नोट में लिखा कि किसानों का दुख देखा। वो अपना हक लेने के लिए सड़कों पर हैं। बहुत दिल दुखा है। सरकार न्याय नहीं दे रही। जुल्म है। जुल्म करना पाप है, जुल्म सहना भी पाप है।

कौन थे संत बाबा राम सिंह
65 वर्षीय बाबा राम सिंह हरियाणा के करनाल के रहने वाले थे। बताया जाता है कि हरियाणा और पंजाब के अलावा दुनियाभर में उनके लाखों की संख्या में अनुयायी हैं। वो कई सिख संगठनों में अलग-अलग पदों पर रह चुके हैं। संत बाबा राम सिंह किसान होने के साथ धार्मिक उपदेशक भी थे। वो पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में थे और किसानों के समर्थन में आवाज उठा रहे थे। उन्होंने शिविर की भी व्यवस्था की थी और कंबल भी बांटे थे। संत बाबा रामसिंह का डेरा करनाल जिले में सिंगड़ा गांव में है। वो सिंगड़ा वाले बाबा जी के नाम से मशहूर थे।



.Download Dainik Bhaskar Hindi App for Latest Hindi News.
.
...
Rahul Gandhi said on Baba Ram Singh's death
.
.
.


from दैनिक भास्कर हिंदी https://ift.tt/3ajzOwi

No comments